मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने भारत माता मंदिर में आयोजित मां बगलामुखी...

मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने भारत माता मंदिर में आयोजित मां बगलामुखी यज्ञ में डाली पूर्णाहूति

SHARE

अखंड भारत माता मंदिर समाज की संरचना में अहम भूमिका अदा करेगा: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने भारत माता मंदिर में आयोजित मां बगलामुखी यज्ञ में डाली पूर्णाहूति

भिवानी, 1 March 2022। भारत भूमि न्यूज़ ब्यूरो: मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि भारत की संस्कृति विश्व में सबसे प्राचीन एवं समृद्ध है। इसे बचाए रखना और आगे बढ़ाना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी देश की तरक्की वहां की युवा शक्ति पर निर्भर करती है। राष्ट्र के निर्माण में युवाओं का अहम योगदान होगा। उन्होंने कहा कि भिवानी में बनने जा रहा अखंड भारत माता मंदिर युवाओं की राष्ट्रीयता की भावना विकसित करेगा, जो सबसे जरूरी है।

मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल सोमवार को लोहारू रोड़ पर गांव देवसर के समीप बनने जा रहे अखंड भारत माता मंदिर में आयोजित सात दिवसीय मां बगलामुखी यज्ञ में अपनी पूर्णाहूति डालने के दौरान अपना संदेश दे रहे थे। उन्होंने मंदिर के निर्माण में 21 लाख रुपए के योगदान देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल मंदिर स्थल पर जाकर मंदिर के बारे में महंत माई जी महाराज से विस्तार से जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि अखंड भारत माता मंदिर के यज्ञ में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत देश की संस्कृति सबसे प्राचीन और समृद्ध है। विश्व के अनेक देश भारत की संस्कृति से प्रेरणा लेते हैं। अपनी विकसित संस्कृति के चलते भारत विश्व गुरु रहा है और अब एक बार फिर हमारा देश विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत युवाओं का देश है। पूरी दूनिया की नजर भारत की युवा शक्ति पर है। उन्होंने कहा कि किसी भी देश की तरक्की वहां की युवा शक्ति पर निर्भर करती है। युवाओं को अपनी ऊर्जा का प्रयोग देश के निर्माण में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नई-पीढ़ी में देश प्रेम की भावना जागृत होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि धार्मिक संस्थानों का समाज के निर्माण में भी अपना विशेष महत्व होता है। उन्होंने कहा कि मंदिरों में जहां एक तरफ हमारी भगवान की प्रति श्रद्धा विकसित होती है तो वहीं दूसरी ओर लोग अपनी मनोकामना की पूर्ति के लिए भी जाते हैं। इसके साथ ही ये संस्थाए देश को एकता के सूत्र में पिरोने का काम भी करती हैं। उन्होंने कहा कि भिवानी में बनने जा रहा अखंड भारत माता मंदिर आमजन के साथ-साथ युवा वर्ग में राष्ट्रीयता का भाव विकसित करने का काम करेगा।

मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि भिवानी में बनने वाला अखंड भारत माता मंदिर का बड़ा ही व्यापक क्षेत्र होगा। इससे न केवल जिला भिवानी या हरियाणा के लोगों की भावना जुड़ेगी बल्कि देशभर व प्राचीन अखंड भारत के लोग इस भव्य मंदिर के साथ जुडेंगे। उन्होंने कहा कि मंदिर के निर्माण में पूरे समाज का योगदान होता है और इसके लिए समृद्ध लोगों से इस मंदिर में अपना सहयोग देने की अपील की जाएगी।

मंदिर के माईजी महाराज महंत सुरेंद्र गिरी ने यज्ञ को संपन्न करवाया और मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल का अभिवादन किया। यज्ञ में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. इंद्रेश, बवानीखेड़ा से विधायक बिसंभर वाल्मिकी, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. जगबीर सिंह व चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय के वीसी प्रो. राजकुमार मित्तल, हिसार नगर निगम मेयर गौतम सरदाना के अलावा हरियाणा युवा आयोग के चेयरमैन मुकेश गौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष शंकर धूपड़, जिला महामंत्री हर्षवर्धन मान व बृजपाल, पूर्व विधायक शशि रंजन परमार, दयानंद गिरी, पं. शिव नारायण शास्त्री, धर्मेद्र अंगीरा, विनोद चावला, मीना परमार, विरेंद्र कौशिक व विजय शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी अपनी आहूति डाली। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल व आरएसएस के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. इंद्रेश को मंदिर समिति की तरफ से माई जी महाराज ने स्मृति चिन्ह भेंट किए।

इस दौरान उपायुक्त आरएस ढिल्लो, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत, सीईओ जिला परिषद कुशल कटारिया, एसडीएम महेश कुमार, चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय से हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. बाबूराम, राजनीतिक शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. कुलदीप व इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. रवि प्रकाश, संजय देवसरिया, लीलूराम नाथुवासिया, हनुमान प्रसाद गुप्ता, खंजाचीलाल मित्तल, राजेश उर्फ बंटी, नितेश गोयल, राम सिंह पोहकरवास, पार्षद हर्षदीप डुडेजा, राधेश्याम, मनबीर सिंह, जगदेव सिंह व जितेंद्र हांडा के अलावा अनेक महंत, सैंकड़ों की संख्या में युवा व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

 

 

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY